Tuesday, February 26, 2008

अब बड़े बड़े विद्वानों मे मेरा नाम भी शामिल

दोस्तों, आपको बताते हुए मुझे आपार खुशी मिल रही है, कि अब मेरा नाम भी भारत के बड़े बड़े विद्वानो मे शामिल हो जाएगा. मुझे बधाई दीजिए, आप अपने दोस्तों, रिश्तेदारों, सड़क पर चलते हुए आम नागरिक सब को बताइए कि पद्मनाभ मिश्र अब विद्वान हो गया है. उसके चेहरे से विद्वता झलकती है. यदि आप मेरे मोहल्ले से ताल्लूक रखते हैं तो शर्मा आन्टी, तिवारी अन्टी इत्यादि लोगो को यह बात बता दीजिए कि मै अब विद्वान हो गया हूं. मेरा नाम अब पेपर मे छपवाइए, मेरे नाम से अब आप गली मोहल्ले का नाम रखिए. मेरे नाम से फ्लाईओवर, राष्ट्रीयराजमार्ग इत्यादि का नामकरण कीजिए. ऐँ क्या? आप विद्वानों का सम्मान नही करेंगे? क्या विद्वता इस देश मे नही पूजी जाएगी? आप लोग पढ़े लिखे हैं यदि आप लोग नही विद्वानों का सम्मान करेंगे तो और कौन करेगा.

अब आप पुछेँगे, "ठीक है, ठीक है! हम विद्वानों का सम्मान करेंगे! लेकिन भैय्या एक बात तो बताओ तुम विद्वान तो लगते नही. अपने तीस साल के जिन्दगी मे तुमने ऐसा क्या कर डाला कि हमलोग तुम्हें विद्वान समझने लगें, कौन सा सेब को पेड़ से गिरते हुए देखा है तुमने? जरूर तुमको विद्वान होने का भ्रम हुआ है".

जी नहीं, मुझे विद्वान होने का भ्रम नही हुआ. मैं विद्वान होने ही वाला हूँ. मुझे अभी से एहसास होने लगा है कि मेरे व्यक्तित्व से विद्वता झलकती है. ये और बात है कि मैने किसी सेब को किसी पेड़ से गिरते हुए नही देखा है और न ही मै आधूनिक समाज का नया सिद्धान्त ही दिया हूँ. रोजी रोटी के लिए आम आदमी की तरह भटकता रहता हूँ, लेकिन मेरी अन्तरात्मा ने मुझे एहसास कराया है कि मै विद्वान हूँ. मेरे अवचेतन मस्तिष्क मे यह रच बस गया है कि मै अब विद्वान की सारी विद्वता अपने अन्दर सँजोए हुए हूँ.

अब आप बोलेँगे कि ज्यादा मत पकाओ, सही सही बताओ कि आखिर बात क्या है. नही तो इस ब्लोग को यहीँ पढ़ना छोड़ हम कट लेते हैँ.

जी नही आप ऐसा मत कीजिए, एक विद्वान की विद्वता को इस तरह अपमानित मत कीजिए. चलिए मै आपलोगों को विस्तार से बताता हूँ कि आखिरकार मै विद्वान क्यों?

बचपन से मेरे मस्तिष्क मे एक अवधारणा बैठी थी कुछ लोगों के पेशा के हिसाब से उनको विद्वान बोला जाए. जैसे कि कोई वैज्ञानिक. पहली बार जब अब्दुल कलाम के बारे सुना था कि वे एक वैज्ञानिक हैँ तो मेरा मन उन्हे भी विद्वान समझ लिया था. बचपन के शिक्षा के आधार पर मेरे हिसाब से विद्वानों के श्रेणी मे कुछ और पेशेवर लोग भी आते हैं मसलन बड़े विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, बड़े बड़े लेखक, कवि, बड़े बड़े अस्पताल के डाक्टर और पत्रकार.

जी हाँ जब भी मेरे मस्तिष्क मे एक पत्रकार का नाम कौधाँ, चूड़ीदार पैजामा लम्बा कूर्ता और बाटा का चप्पल पहने एक ऐसे शख्स का इमेज सामने आया, जिसके पास दुनियाँ की हर जानकारी होती थी, एक ही पत्रकार जो आन्सटीन के खोज पर अपना ऐसा विचार व्यक्त कर सकता है जिसके बारे मे आइन्स्टीन कभी सोच भी नही सकता था, पत्रकार समाज शास्त्र मे अरस्तू और सूकरात को छक्के छुड़ा दें, एक ऐसा इमानदार चेहरा जो अकेले ही समाज मे क्रान्ति लाने के लिए काफी हो. एक ऐसा व्यक्तित्व जो अपनी इमानदारी के आगे कभी भी ना झुके.

तो मेरी बचपन की दुनियाँ बदल गई और इसमे रहने वाले लोग भी. लेकिन विद्वान वैसे के वैसे ही. विद्वता की परिभाषा अब भी नही बदली. आज भी समाज मे एक वैज्ञानिक विद्वान के नजर से ही देखे जाते हैँ. तो आज भी एक वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, और कवि-लेखक इत्यादि सब विद्वानों के श्रेणी मे ही गिने जाते हैँ. जी हाँ और इस इत्यादि मे पत्रकार महोदय भी शामिल हैँ, खास तौर पर इन टी.वी. मे न्यूज पढने वाले (वाली) सारे पत्रकार.

एक बार आप इन टी.वी न्यूज रीडर के चेहरे को ध्यान से देखिए, सबको यह अन्दर से फील होता हुआ मालूम होगा कि उनके अन्दर विद्वता कूट कूट कर भरी है. परचून के दूकान से अभी अभी डेढ़ किलो विद्वता खरीदकर लाए हैँ और गटा गट अपने अन्दर कर लिए हैँ और वही विद्वता अब दर्शको को फील करबा रहे हैं. आप उनको पोले और मूर्ख प्रेजेन्टर समझते रहेँ, आप अपनी बला से, उनको तो तीन रुपैय्ये चार आने प्रति किलो की दर से विद्वता परचून की दूकानों मे ही मिल जाती है और अपनी विद्वता को फील करवाने के लिए दर्शक मिल ही जाते हैँ.

दोस्तोँ अब विद्वान होने के लिए वर्षोँ का मेहनत नही चाहिए. विद्वान होने के लिए बाल का सफेद होना भी जरूरी नही है. ना ही बहुत पढाई करने की. विद्वान होने के लिए इमानदार भी होना जरूरी नही है. जब पत्रकार लोगोँ ने उस परचून के दूकान का पता हमे दे ही दिया तो मैने सोचा विद्वता अभी सस्ती मिल रही है. अभी खरीद कर अभी विद्वान हो लेते हैँ, ना जाने आगे यदि फिर से विद्वता महगी हो गयी तो मुझे विद्वान होने का मलाल रह ही जाएगा. आजतक पर कुछ दिन पहले पुण्य प्रसून बाजपेई जी विद्वान बने थे, फिर दीपक चौरसिया विद्वान बने हैँ, मैने अभी कल ही देखा है एक नया विद्वान आज-तक पर आया है. नाम है उनका अभिसार शर्मा. आजतक पर इस विद्वान ने भी ऐसे ही चीखना चिल्लाना शुरु कर दिया है जैसे बाजपेयी जी और चौरसिया जी जैसे विद्वान करते आए हैँ.

टी.वी. पत्रकारिता का दौर है, मेरे मोहल्ले के परचून के दुकान मे तीन रुपैय्ये चार आने प्रति किलो की दर से विद्वता बिक रही है. मै तो विद्वता खरीद कर विद्वान बन गया. यदि आप भी चाहते हैँ कि आप विद्वान बनेँ, आपको अपने अन्दर से आपकी विद्वता झलके तो टिप्पणी के द्वारा मुझसे सम्पर्क करेँ.